होली पर घर जाना बना चुनौती, ट्रेन में नो रूम; हवाई किराया आसमान पर
लखनऊ|होली पर दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट से लखनऊ आने वाले यात्रियों की भीड़ शनिवार से उमड़नी शुरू हो गई। पुष्पक और एलटीटी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है। रेगुलर टिकट न मिलने पर यात्रियों ने तत्काल कोटे का सहारा लिया, लेकिन वहां भी भारी मायूसी हाथ लगी।दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में शनिवार को तत्काल कोटे की कुल 285 सीटें उपलब्ध थीं, लेकिन आम यात्रियों को केवल 32 कन्फर्म टिकट (24 स्लीपर और 8 एसी) ही मिल सके। यात्रियों का आरोप है कि अधिकांश टिकटों पर दलालों ने कब्जा जमा लिया। रविवार को भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
वेटिंग लिस्ट ने बढ़ाई चिंता
मुंबई से आने वाली कुशीनगर, पुष्पक और अवध एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में स्लीपर की वेटिंग 120 और थर्ड एसी में 85 के पार पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली से आने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 150 और थर्ड एसी में 110 तक दर्ज की गई है।
हवाई सफर भी हुआ महंगा
ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण यात्रियों को हवाई यात्रा का विकल्प चुनना पड़ा, जिससे विमानों के किराये में भारी उछाल आया है। दिल्ली-लखनऊ का टिकट 8,281 से लेकर 12,360 रुपये तक बिके। वहीं, मुंबई-लखनऊ का किराया 18,000 रुपये तक पहुंच गया। बंगलूरू, हैदराबाद और कोलकाता से आने वाली उड़ानों के दाम भी ऊंचे रहे, हालांकि यात्रियों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कुछ राहत रही।
बसों में आज उमड़ेगी भीड़
होली पर लखनऊ से पूर्वांचल के जिलों में जाने वाले यात्रियों की भीड़ रविवार को बसों में उमड़ेगी। लखनऊ से गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, बलिया, मऊ आदि जिलों के लिए अवध बस अड्डे, आलमबाग टर्मिनल व कैसरबाग बस अड्डे से बसें रवाना होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भी चलेंगी। बसें रिजर्व में भी रखी गई हैं।

Supreme Court of India ने CISF कांस्टेबल बहाली मामले में केंद्र की अपील खारिज की
पारदर्शी आबकारी नीति से सरकार की कमाई में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
लोकसभा सीटों में 50% वृद्धि से उत्तरी राज्यों को बढ़त, दक्षिण भारत को संभावित नुकसान
Madhya Pradesh High Court की सख्ती, डॉक्टर को रिश्वत मामले में फटकार
दोस्त की हत्या कर शव घर में दबाया, फिर भूत के डर से आरोपी ने किया आत्मसमर्पण