इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार 11 किमी लंबा ट्रैक तैयार, संचालन की तैयारी तेज
इंदौर। इंदौर मेट्रो परियोजना में अहम प्रगति सामने आई है. मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मुताबिक सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहा तक लगभग 11 किलोमीटर लंबा ट्रैक पूरी तरह तैयार हो चुका है. स्टेशनों के कुछ अंदरूनी काम अभी बाकी हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि संचालन शुरू होने से पहले अधिकतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
ऑडिट के लिए इंदौर आएगी टीम
जानकारी के अनुसार, कमीशनर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम इस सप्ताह सुरक्षा ऑडिट के लिए इंदौर आ सकती है. मेट्रो प्रबंधन ने निरीक्षण को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. टीम ट्रैक, थर्ड रेल और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण करेगी. जूनियर स्तर की टीम द्वारा सुझाए गए सुधारों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
ऑडिट के बाद होगा 11 किमी हिस्से का संचालन शुरू
अधिकारियों का कहना है कि पहले प्रारंभिक जांच होगी, जिसके बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इसके बाद मुख्य सीएमआरएस टीम मार्च के पहले सप्ताह में आकर अंतिम निरीक्षण कर सकती है. सुरक्षा ऑडिट के बाद एनओसी मिलते ही सुपर कॉरिडोर से रेडिसन स्टेशन तक 11 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. दावा किया जा रहा है कि एक साथ इतने लंबे ट्रैक पर मेट्रो सेवा शुरू होना देश में पहली बार होगा।
मार्च तक शुरू करने की तैयारी
मेट्रो प्रबंधन मार्च तक सेवा शुरू करने की कोशिश में है, हालांकि निरीक्षण में देरी होने पर संचालन अप्रैल तक टल सकता है. फिलहाल गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन-3 तक करीब 6 किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो चल रही है. लक्ष्य है कि मार्च तक कुल 17 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जाए।
नए सेक्शन में कुल 11 स्टेशन शामिल
इस नए सेक्शन में कुल 11 स्टेशन शामिल हैं, जिनमें सुपर कॉरिडोर-2, सुपर कॉरिडोर-1, भवरसाला स्क्वायर, एमआर-10 रोड, आईएसबीटी/एमआर-10 फ्लाईओवर, चंद्रगुप्त स्क्वायर, हीरा नगर, बापट स्क्वायर, मेघदूत गार्डन, विजय नगर स्क्वायर और रेडिसन स्क्वायर/मालवीय नगर शामिल हैं. फिलहाल स्टेशनों पर रंगाई-पुताई और फिनिशिंग का काम तेज गति से चल रहा है, ताकि तय समय पर सेवा शुरू की जा सके।

महिलाओं के लिए कौन सा रुद्राक्ष है सबसे शुभ? जानें धारण करने के सही नियम और फायदे
क्यों Kal Bhairav ने काटा Brahma का सिर? जानें ‘काशी के कोतवाल’ बनने की रहस्यमयी कथा
SIR में अपमान का मुद्दा गरमाया, Mamata Banerjee ने जनता से मांगा जवाब